Thursday 17 December 2015

किस नम्बर की कार तुम्हारी

किस नम्बर की कार तुम्हारी
...आनन्द विश्वास
चन्दा   मामा    हमें   बताओ,
किस नम्बर की कार तुम्हारी।
पन्द्रह-पन्द्रह  दिन  ना  आते,
कैसी   है  सरकार   तुम्हारी।

पन्द्रह  दिन तक इवन नम्बर,
पन्द्रह  दिन तक  नम्बर ऑड।
इवन-ऑड वहाँ  भी  चलता,
या  तुम  करते  रहते  फ्रॉड।

डीज़ल  से   क्या  चलते  तारे,
सीएनजी  किट नहीं वहाँ पर।
दूषित  है  वातास  वहाँ  क्या,
धूल-धुआँ    कैसा   है   ऊपर।

सूरज पर  क्या पावर-कट है,
पावर-हाउस हुआ क्या फेल।
लो-बोल्टेज  की धूप यहाँ  है,
राम   भरोसे   अपनी   रेल।

कौन-कौन से  दल  हैं  नभ में,
भ्रष्टाचार  वहाँ    पर   कैसा।
अच्छे  दिन  हैं कहो  वहाँ पर,
या फिर सब कुछ धरती जैसा।

कृष्ण-पक्ष  है,  शुक्ल-पक्ष  है,
पन्द्रह-पन्द्रह दिन का शासन।
क्या विपक्ष की  संख्या कम है,
ठग-बन्धन का चलता शासन।

हमने   तो  सोचा  था  पहले,
मामा  के   घर  हम   जाऐंगे।
वातावरण  वहाँ  जब  दूषित,
अब  हम  वहाँ  नहीं  आऐंगे।
...आनन्द विश्वास

No comments:

Post a Comment